विधवा-वृद्धावस्था पेंशन बढ़ी अस्पतालों की दरें नहीं बढ़ेंगी
सरकार ने ठीक चुनाव से पहले समाज कल्याण विभाग से मिलने वाली विधवा और वृद्धावस्था पेंशन बढ़ा दी है। साथ ही सरकारी अस्पतालों में एक जनवरी से लागू होने वाली शुल्क बढ़ोतरी भी रोक दी है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को आयोजित में कैबिनेट बैठक के बाद सरकार के प्रवक्ता सुबोध उनियाल ने प्रमुख फैसलों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पहले वृद्धावस्था और विधवा पेंशन के तहत प्रति माह 1200 रुपये मिलते थे, जिसे बढ़ाकर अब 1400 रुपये प्रति माह कर दिया गया है। इसके साथ ही यदि पति-पत्नी दोनों की उम्र साठ साल से अधिक है तो दोनों पेंशन के पात्र होंगे। पूर्व में पति या पत्नी में से एक को ही यह लाभ मिलता था। प्रदेश में विधवा पेंशनर की संख्या करीब डेढ़ लाख है, जबकि वृद्धावस्था पेंशनर साढ़े चार लाख से अधिक हैं।