26 से शुरू होंगी सरकारी स्कूलों की गृह परीक्षाएं
• कक्षा 6, 7, 8, 9 और 11वीं की होनी है गृह परीक्षा
• 22 से बोर्ड प्रयोगात्मक परीक्षा कराने के भी आदेश
जिले के सरकारी स्कूलों में कक्षा 6, 7, 8, 9 और 11वीं की गृह परीक्षाएं 26 फरवरी से शुरू होंगी। शिक्षा विभाग की ओर से परीक्षा का पूरा कार्यक्रम तैयार कर लिया गया है। विभाग का दावा है कि 14 मार्च तक परिणाम भी जारी कर दिया जाएगा।
सरकारी स्कूलों में इन दिनों 10वीं और 12वीं के प्री-बोर्ड चल रहे हैं। शिक्षा विभाग ने प्री-बोर्ड परीक्षाएं कराने को स्कूलों को 10 फरवरी तक का समय दिया है। विभाग अब गृह परीक्षाओं की तैयारी में भी जुट गया है। मुख्य शिक्षा अधिकारी कुंवर सिंह रावत ने बताया कि गृह परीक्षाएं आगामी 26 फरवरी से 8 मार्च तक चलेंगी। परीक्षा कार्यक्रम बनकर तैयार हो चुका है। इसके लिए राजकीय बालिका इंटर कॉलेज हल्द्वानी की प्रधानाचार्य देवकी आर्या को सचिव बनाया गया है। सभी को पूरी तैयारी के निर्देश दिए हैं।
बोर्ड प्रैक्टिकल का मूल्यांकन 22 से
उत्तराखंड बोर्ड द्वारा 10वीं और 12वीं बोर्ड के प्रैक्टिकल के मूल्यांकन की तिथि घोषित कर दी है। बोर्ड सचिव डॉ. नीता तिवारी की ओर से इस संबंध में सभी प्रधानाचार्यों को पत्र जारी कर बताया है कि हाईस्कूल और इंटर की प्रयोगात्मक परीक्षा / प्रोजेक्ट कार्य का मूल्यांकन 22 फरवरी से 20 मार्च तक अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लिया जाए। 10वीं के गणित, विज्ञान, गृह विज्ञान, सामाजिक विज्ञान विषय का प्रैक्टिकल 20-20 अंक व हिन्दुस्तानी संगीत का प्रैक्टिकल 75 अंक का होगा। इसके अलावा 12वीं के भूगोल, गृह विज्ञान, सैन्य विज्ञान, भूगर्भ विज्ञान, भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जीव विज्ञान, कंप्यूटर विज्ञान का प्रैक्टिकल 30 30, समाजशास्त्र का 20 व हिन्दुस्तानी संगीत का 70 अंक का होगा।