उत्तराखंड की जमीं पर अब शुरू होगी सियासी सितारों की जंग
पीएम मोदी, नड्डा, राहुल, प्रियंका, केजरीवाल, अखिलेश, मायावती करेंगे प्रचार
देहरादून। उत्तराखंड के चुनावी रण में बाजी मारने के लिए अब सियासी सितारों के बीच जंग का अखाड़ा तैयार हो चुका है। इसके लिए सभी प्रमुख राजनीतिक दलों ने दिग्गज नेताओं को चुनाव प्रचार में उतारने की रणनीति बना ली है। नामांकन वापस के बाद प्रदेश में स्टार प्रचारक वर्चुअल रैली और घर-घर जाकर संपर्क कर चुनाव माहौल बनाएंगे।
प्रदेश में चुनावी घोषणा से पहले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल बड़ी चुनावी रैली कर चुके हैं। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए चुनाव प्रचार पर लगी बंदिशों के कारण कोई बड़ी चुनावी रैलियां नहीं हो पाई हैं। एक फरवरी से चुनाव प्रचार में कुछ छूट मिलने से राजनीतिक दलों ने सितारों को चुनाव मैदान में उतारने की तैयार कर ली है।
दो फरवरी को राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वर्चुअल चुनाव रैली को संबोधित करेंगी। वहीं, 31 जनवरी को राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री सचिन पायलट पहुंच कर घर-घर जाकर संपर्क करेंगे।
भाजपा भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की वर्चुअल चुनाव रैली कराने की तैयारी कर रही है। हालांकि अभी तक इसकी तारीख तय नहीं हुई है। एक फरवरी से भाजपा सभी विधानसभा सीटों पर चुनाव महाभियान शुरू करने जा रही है। इसके शुभारंभ के लिए हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर, हिमाचल के मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर विशेष रूप से उत्तराखंड आएंगे। वहीं, राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, गृह मंत्री अमित शाह का चुनाव प्रचार कार्यक्रम तय किया जा रहा है।
आम आदमी पार्टी नेता एवं दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया भी चुनाव प्रचार के लिए आएंगे। इसके अलावा दिल्ली विधानसभा उपाध्यक्ष राम निवास गोयल, विधानसभा उपाध्यक्ष राखी बिड़ला, कैबिनेट मंत्री राजेंद्र पाल गौतम, गोपाल राय ने चुनाव प्रचार की कमान संभाल रखी है।
वहीं समाजवादी पार्टी के उम्मीदवारों का प्रचार करने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और राज्यसभा सांसद जया बच्चन का भी उत्तराखंड आने का कार्यक्रम है। इसके अलावा बहुजन समाज पार्टी के प्रत्याशियों का प्रचार करने पार्टी सुप्रीमो मायावती समेत कई दिग्गज उत्तराखंड आ सकते हैं। उधर, प्रदेश में कई निर्दलीय प्रत्याशी भी फिल्म और खेल जगत के कई दिग्गजों को अपने पक्ष में प्रचार करने के लिए उत्तराखंड लाने की जुगत में लगे हैं।